जमशेदपुर: टुइलाडुंगरी स्थित श्री श्री शीतला माता मंदिर में चल रहे चैत्र नवरात्रि ज्वारा महोत्सव के सप्तमी दिवस पर बुधवार की संध्या एक विशेष धार्मिक माहौल देखने को मिला, जब राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंदिर पहुंचकर माता का आशीर्वाद लिया।
मंदिर परिसर में 23 ज्योत के समक्ष रघुवर दास ने श्रद्धा पूर्वक शीश नवाया और राज्य के सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और सभ्यता का ज्ञान दिया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज को जोड़ने और उसकी उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मौके पर मंदिर की महिला समिति की ओर से महासचिव गिरधारी साहू और संयोजक परमानंद कौशल ने उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता अमरजीत सिंह राजा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंदिर समिति और आयोजन से जुड़े कई सदस्य मौजूद थे, जिनमें अध्यक्ष दिनेश कुमार, महावीर प्रसाद, चंद्रिका निषाद, वीरेंद्र कुमार, मोतीलाल साहू, गंगाराम साहू, त्रिवेणी कुमार, मणिलाल साहू, कामेश्वर साहू, जितेंद्र कुमार, इंद्रा साहू, मंजू साहू, जमुना निषाद, मंजू ठाकुर, नूतन साहू, द्रौपदी देवी, कमला निषाद, रोशन साहू, दीपक साहू, महावीर निर्मलकर, विजयदास मानिकपुरी और विनोद कुमार समेत अन्य लोग शामिल थे।
मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देर शाम तक बना रहा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे।


