
उदित वाणी, आदित्यपुर (का.प्र.) : आगामी त्योहारों को भाईचारे और शांति के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से आदित्यपुर थाना परिसर में आज शांति समिति की बैठक आहूत की गई. गम्हारिया के अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में रामनवमी और ईद के सफल आयोजन हेतु विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई. बैठक में बताया गया कि ईद का त्योहार 21 मार्च को मनाया जाएगा, जिसके तहत मुस्लिम बस्ती में प्रातः 8:45 बजे नमाज अदा की जाएगी.
वहीं, रामनवमी महोत्सव 27 मार्च को मानेगा. जबकि विसर्जन जुलूस 28 मार्च को निकाला जाएगा. बैठक में सभी अखाड़ा समितियों से शाम 4 बजे जुलूस निकालने और रात्रि 10 बजे तक इसे अनिवार्य रूप से संपन्न करने का आग्रह किया गया. बैठक में उपस्थित अखाड़ा समितियों ने सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को लेकर अपनी बातें रखीं. इस दौरान स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराने और कचड़ा उठाव सुनिश्चित करने की मांग की गई. वहीं, वाटर टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में वोलेंटियर्स के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने, लाल बिल्डिंग चौक से 50 मीटर दूर सेवा शिविर लगाने, मुख्य सड़क के बजाय पार्किंग क्षेत्र का उपयोग करने की बात कही गई.
बैठक में बताया गया कि विसर्जन जुलूस के दिन फुटबॉल मैदान में शस्त्र प्रदर्शन होगा, जहाँ केंद्रीय रामनवमी समिति और प्रशासन द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा. इस अवसर पर नवनिर्वाचित महापौर संजय सरदार व उप महापौर अंकुर सिंह, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की, अधिवक्ता ओम प्रकाश, रविन्द्र नाथ चौबे, रिटायर डीएसपी सरयू पासवान छबि महतो, भगवान सिंह, और मनोज पासवान, केंद्रीय रामनवमी समिति के अध्यक्ष देवांग चन्द्र मुखी, महासचिव श्रीराम ठाकुर, विहिप जिलाध्यक्ष डॉ जे एन दास, सदर अब्दुल वाहिद, खुर्शीद आलम, नूरजहां, रिटायर कर्नल आर पी सिंह, कृष्ण गोपाल पिंटू, रमण चौधरी, अमरजीत मेहता, धर्मनाथ शर्मा, ब्रजेशपति तिवारी आदि उपस्थित थे.

