
उदित वाणी, रांची : झामुमो के बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती ने सोमवार को राजस्व विभाग के अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान महिला विरोधी असंसदीय भाषा का प्रयोग किया था. इस मामले को भाजपा की विधायक डा नीरा यादव ने मंगलवार को विधानसभा में जोरदार ढंग से उठायी और नीरा यादव का समर्थन करते हुए पार्टी के अन्य महिला विधेयक पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह व अन्य ने सदन में वेल में जाकर काफी हंगामा किया.
विवाद बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने महिला सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि समीर मोहंती के शब्दों को उन्होंने स्पंज कर दिया है और कार्यवाही से हटा दिया है. लेकिन नीरा यादव ने कहा कि सदन की कार्यवाही को छात्राएं भी देखती है. इसलिए गलत संदेश जाता है. इस पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि भावनाओं का आहत होना स्वाभाविक है. वहीं संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मामले में हाथ जोड़कर खेद जताया और इसके लिए माफी मांगी. उन्होंने सदस्यों से आग्रह किया कि सदन की गरिमा बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है.

