
उदित वाणी चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़ानेगी स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल के समीप एनएच-32 पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांगुडीह से घोड़ानेगी की ओर एक ही परिवार के तीन लोग बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रक बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसा इतना भयावह था कि कलावती देवी (47) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे मतन कुम्हार (17) और बहू ज्योत्सना कुमारी (37) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब चार घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर चांडिल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बाइक चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने दोषी ट्रक चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

