
उदित वाणी पोटका : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में हाता–टाटा मुख्य पथ पर शनिवार दोपहर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 78 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पावरु गांव जाने वाले मोड़ के पास करीब दो बजे हुई।
मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के गोपीनाथपुर गांव निवासी रसराज बेहरा (78) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रसराज बेहरा शनिवार सुबह अपनी बहन के घर ओडिशा के रायरंगपुर गए थे। वहां से वापस लौटने के दौरान हाता–टाटा मुख्य मार्ग पर पावरु गांव मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि मृतक के परिवार में एक बेटा बसंत बेहरा है, जो साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
