
उदित वाणी नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस): फिल्म जगत के सबसे बड़े उत्सव कहे जाने वाले अवॉर्ड फंक्शन को लेकर इंतजार खत्म होने को है. 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स (The 98th Academy Awards) यानी ऑस्कर 2026 का 15 मार्च को लॉस एंजेलिस के प्रतिष्ठित डॉल्बी थिएटर में ऐलान होगा. इस भव्य समारोह में इस साल की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों, अभिनेताओं और कलाकारों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा.
भारतीय दर्शकों के लिए खास बात यह है कि वे इसे 16 मार्च की सुबह लाइव देख सकेंगे. ऑस्कर अवॉर्ड शो का लाइव टेलीकास्ट अमेरिका में 15 मार्च की शाम 7 बजे पूर्वी समय (ईटी) से शुरू होगा, जो भारत में सोमवार 16 मार्च की सुबह 4 बजकर 30 मिनट (आईएसटी) से लाइव होगा.
सबसे पहले रेड कार्पेट पर हॉलीवुड सितारों की चमक-दमक दिखाई जाएगी, उसके बाद मुख्य अवॉर्ड इवेंट शुरू होगा. भारत में दर्शक इस शो को दो प्रमुख प्लेटफॉर्म्स पर देख सकते हैं. जियोहॉटस्टार पर सुबह 4 बजकर 30 मिनट से लाइव स्ट्रीमिंग (ऑनलाइन और ऐप पर) साथ ही स्टार मूवीज टीवी पर सुबह 4 बजकर 30 बजे से लाइव टेलीकास्ट देख सकेंगे. अगर लाइव प्रसारण मिस कर देते हैं, तो जियो हॉटस्टार पर शो देख सकते हैं. इसके अलावा स्टार मूवीज पर 16 मार्च की रात 9 बजे इसका रिपीट टेलीकास्ट भी दिखाया जाएगा.
प्रियंका चोपड़ा ऑस्कर 2026 की प्रेजेंटर्स लिस्ट में
‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा जोनस हॉलीवुड में काफी समय से काम कर रही हैं. वहीं, 98वें अकादमी अवॉर्ड्स में वह पुरस्कार प्रदान करने वालीं प्रस्तुतकर्ताओं की लिस्ट में शामिल हो गई हैं.
प्रियंका के साथ इस बार ऑस्कर की मेजबानी मशहूर कॉमेडियन, लेखक और प्रोड्यूसर कोनन ओ’ब्रायन कर रहे हैं. वे लगातार दूसरी बार इस शो को होस्ट कर रहे हैं. प्रसारण के दौरान कई बड़े नाम मंच पर नजर आएंगे. प्रियंका चोपड़ा के अलावा रॉबर्ट डाउनी जूनियर, ऐन हैथवे, ग्वेनेथ पाल्ट्रो, पॉल मेस्कल और विल आर्नेट भी विभिन्न कैटेगरी में अवॉर्ड पेश करेंगे.
पिछले साल के विजेता भी इस बार मंच संभालेंगे – मिकी मैडिसन बेस्ट एक्ट्रेस, एड्रियन ब्रॉडी बेस्ट एक्टर, जो. सल्डाना बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस और किरण कल्किन बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड देंगे.
एक्टर टिमोथी चालमेट को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की कैटेगरी में फिल्म ‘मार्टी सुप्रीम’ के लिए जगह मिली है. इसके साथ ही टिमोथी 30 साल की उम्र में तीन अभिनय केटेगरी में नामांकन पाने वाले सबसे कम उम्र के एक्टर बन गए हैं.
अकादमी अवॉर्ड्स फिल्म जगत में कलात्मक और तकनीकी के लिए दिए जाने वाला दुनिया का सबसे सम्मानित पुरस्कार है. इसे एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज द्वारा प्रदान किया जाता है. यह लॉस एंजिल्स में स्थित एक पेशेवर मानद संगठन है, जो सिनेमाई उपलब्धियों में उत्कृष्टता को मान्यता देता है. यह सम्मान फिल्म उद्योग में उत्कृष्ट निर्देशकों, कलाकारों और लेखकों को प्रतिवर्ष दिया जाता है.
पहली बार 1929 में शुरू हुए ये अवॉर्ड्स मनोरंजन उद्योग के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित आयोजनों में शुमार हैं.

