
उदित वाणी, रांची: भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश संगठन में नई नियुक्तियों की घोषणा की गई है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू के निर्देशानुसार पार्टी ने पूर्वी सिंहभूम, लोहरदगा और बोकारो जिलों के लिए नए जिलाध्यक्षों के नाम घोषित किए हैं.
इस संबंध में प्रदेश महामंत्री और सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने पत्र जारी कर नियुक्तियों की जानकारी दी. जारी आदेश के अनुसार दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल अंतर्गत लोहरदगा जिले के लिए अजय पंकज को जिलाध्यक्ष बनाया गया है.
वहीं धनबाद प्रमंडल के बोकारो जिले के लिए सुरेंद्र राज को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए सत्या तिवारी को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
पार्टी की ओर से जारी आदेश के अनुसार ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी. संगठन में इन नियुक्तियों को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

