
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अब बिजली व्यवस्था को अलग करने की तैयारी की जा रही है. जल्द ही अस्पताल परिसर में अलग बिजली मीटर लगाया जाएगा, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन को अपने उपयोग के अनुसार बिजली बिल का भुगतान करना होगा.
अब तक अस्पताल की बिजली खपत का बिल मेडिकल कॉलेज में लगे मीटर के माध्यम से ही जारी किया जाता था. यानी कॉलेज और अस्पताल दोनों का बिजली बिल एक ही मीटर के आधार पर बन रहा था. हालांकि हाल के दिनों में कॉलेज प्रशासन का बिजली बिल अचानक काफी बढ़ गया है. इस बढ़ोतरी को देखते हुए कॉलेज के प्राचार्य ने अस्पताल अधीक्षक को अस्पताल के लिए अलग बिजली मीटर लगवाने का निर्देश दिया है.
प्राचार्य का कहना है कि अस्पताल में बिजली की खपत काफी अधिक होती है, जिसके कारण कुल बिल में भारी वृद्धि हो रही है. ऐसे में सही आकलन और पारदर्शिता के लिए अस्पताल का अलग मीटर लगाना आवश्यक है.
अलग मीटर लगने के बाद अस्पताल में होने वाली वास्तविक बिजली खपत का बिल सीधे अस्पताल प्रशासन को ही देना होगा, जिससे कॉलेज और अस्पताल के खर्च का स्पष्ट विभाजन हो सकेगा.

