
उदित वाणी जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित रेलवे फाटक गोलचक्कर पर मंगलवार दोपहर ट्रैफिक पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की। रेलवे स्टेशन की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्कूटी को जब रुकने का इशारा किया गया, तो चालक अचानक तेज रफ्तार से भागने लगा। मौके पर तैनात एएसआई शमशाद आलम ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर स्कूटी को पकड़ लिया।
जांच के दौरान चालक के व्यवहार पर संदेह हुआ और उससे शराब की गंध आने पर स्कूटी की तलाशी ली गई। तलाशी में करीब 70 से 80 लीटर अवैध देसी शराब बरामद हुई, जिसे प्लास्टिक के गैलनों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी बागबेड़ा निवासी रवि कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया।
ट्रैफिक थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि शहर में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की गैरकानूनी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब्त शराब और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जुगसलाई थाना को सौंप दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
