
उदित वाणी, रांची : पोटका विधायक संजीव सरदार ने झारखंड में बड़ी संख्या में कार्यरत आंगनबाड़ी कर्मियों के हितों, मानदेय वृद्धि एवं सेवा सुरक्षा का मुद्दा विधानसभा में उठाया.
सरदार द्वारा विधानसभा में पूछे गए अल्पसूचित प्रश्न के उत्तर में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने बताया कि वर्तमान में राज्य में 75,625 आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाएं कार्यरत हैं. वर्तमान में आंगनबाड़ी सेविका को प्रतिमाह ₹11,500 तथा सहायिका को ₹5,750 मानदेय दिया जा रहा है. साथ ही, सेविका के मानदेय में प्रतिवर्ष ₹500 एवं सहायिका के मानदेय में ₹250 की वृद्धि का प्रावधान है, जो प्रत्येक वर्ष जुलाई माह से प्रभावी होता है.
25 प्रतिशत पदों पर प्रोन्नति का प्रावधान
विधायक सरदार के सवाल पर विभाग ने स्पष्ट किया कि झारखंड आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका चयन नियमावली 2022 के तहत 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर अर्हता रखने वाली सेविकाओं को महिला पर्यवेक्षिका के 25 प्रतिशत पदों पर सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से नियुक्ति का अवसर दिया जाता है. वर्तमान में 64 रिक्त पदों पर नियुक्ति हेतु अधियाचना झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को भेजी गई है.
विधायक संजीव सरदार ने आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं के लिए “समान काम के लिए समान वेतन”, सेवा सुरक्षा, ईपीएफ, बीमा, भविष्य निधि तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ सुनिश्चित करने हेतु सरकार से सकारात्मक पहल करने की मांग की.

