
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील में कर्मचारियों के लिए एनपीएस लाने की तैयारी की जा रही है. इसको लेकर बुधवार को प्रबंधन और यूनियन पदाधिकारियों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक वार्ता चली. इस स्कीम में कर्मचारियों को प्रतिमाह 500 रुपए से 2000 रुपए तक अंशदान देना होगा. यह राशि कर्मचारियों के वेतन से कटौती की जाएगी. प्रबंधन ने इस स्कीम पर यूनियन के सामने प्रजेंटेशन दिया. इस स्कीम से जुड़ने पर कर्मचारियों को होने वाले लाभ को बताया.
खासकर नए कर्मचारियों के लिए यह लाभकारी योजना बताया. यूनियन को इस संबंध में कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए कहा गया. यह स्कीम उच्च पेंशन स्कीम के साथ भी ले सकेंगे. हालांकि यह पूरी तरह कर्मचारियों पर निर्भर करेगा कि वे इस स्कीम का लाभ लेना चाहते हैं या नहीं. वार्ता में सीएचआरओ जुबिन पालिया के अलावा यूनियन से अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह, महासचिव सतीश कुमार सिंह और कोषाध्यक्ष आमोद कुमार दुबे आदि शामिल थे.

